नगर के भीटी में गोरखपुर–वाराणसी मार्ग पर स्थित तमसा नदी पर बना पुल और रेलवे लाइन पर स्थित ओवरब्रिज लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया था, लेकिन वर्तमान समय में यहां से गुजरने वाले लोग झटकों से परेशान हैं।
पुल और ओवरब्रिज के ज्वाइंटर के पास गैप होने के कारण वहां गड्ढा हो गया है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। इस स्थान पर गड्ढा होने से बाइक और कार सवार लोगों को झटका लगता है, वहीं वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन कई बार इधर से होकर अपने कार्यों के लिए गुजरना पड़ता है। ओवरब्रिज और पुल दोनों की सड़क को जोड़ने वाले ज्वाइंटर के पास काफी गड्ढानुमा स्थिति बन गई है, जिसके कारण बाइक गुजरते ही कई बार झटका लगता है। यह समस्या केवल एक स्थान पर नहीं, बल्कि कई ज्वाइंटर पर है।
अंजनी सिंह (भीटी) ने बताया कि सड़क पर ज्वाइंटर के पास गड्ढा होने से बाइक चलाते समय झटका लगता है। यह समस्या कई स्थानों पर है।
चंद्रप्रकाश सिंह (निजामुद्दीनपुरा) ने बताया कि मऊ से कोपागंज जाने के लिए भीटी होकर गुजरना पड़ता है। यहां हर 50 मीटर पर ज्वाइंटर के पास झटका लगता है, क्योंकि सड़क जोड़ने वाले स्थान पर गैपिंग हो गई है। इसे जल्द ठीक कराया जाना चाहिए।
अभय सिंह (ब्रह्मस्थान) ने बताया कि मऊ से घोसी और कोपागंज आवागमन के लिए यह प्रमुख मार्ग है, लेकिन गड्ढों के कारण झटकों से शरीर पर भी असर पड़ता है।
वैभव गुप्ता (सदर बाजार) ने बताया कि बालनिकेतन रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण के कारण भीटी ओवरब्रिज से होकर जिला स्टेडियम जाना पड़ता है। प्रतिदिन आवागमन में झटके लगते हैं, जिससे शरीर और स्कूटी दोनों पर असर पड़ता है। विभाग मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं है।
वर्जन
एक वर्ष पहले ओवरब्रिज और पुल के ज्वाइंटर के गैप को ठीक किया गया था। अब फिर से खराब होने की जानकारी मिली है, जल्द ही गैप को दुरुस्त कराया जाएगा।
-सुदामा प्रसाद, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, मऊ