संपूर्ण समाधान दिवस में गायब रहे छह अफसरों से जिलाधिकारी ने जवाब तलब किया है। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा। चेतावनी दी कि समय का ध्यान रखते हुए फरियादियों की समस्याओं के समाधान को वरीयता दें। इस दौरान दिवस में अधिकाशं शिकायतें साफ-सफाई और अनाज विरतण से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्या निस्तारण करने का निर्देश दिया।
मंगलवार को जिलाधिकारी प्रकाश बिन्दु की अध्यक्षता में मुहम्मबाद गोहना तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अचानक पहुंचे मंडलायुक्त एसबीएस रंगा राव ने भी लोगों की फरियाद सुनी। इस मौके पर अनुपस्थित 6 अधिकारियों से स्पस्टीकरण मांगा गया। कस्बा के भुलीपुर मोहल्ला निवासी मोहम्मद तारिक ने शिकायत किया कि नगर पंचायत द्वारा मुहल्ला में साफ सफाई नहीं की जा रही। ग्राम फुलवरिया निवासी सूर्यभान ने कोटेदार द्वारा खाद्यान्न नही दिए जाने की शिकायत की। तुलसीपुर कुढवा निवासी शिवनाथ राम ने सरकारी नाली को तोड़कर कुछ लोगो द्वारा दीवार बनाने और पोखरी पाटकर अतिक्रमण करने की शिकायत अधिकारियों से की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्यवाई का निर्देश दिया। ग्राम हिंडोला निवासी विजय मल ने गॉव के एक व्यक्ति द्वारा पीएम आवास निर्माण में रोड़ा डालने की शिकायत की तो पुलिस कप्तान ने मुहम्मदाबाद कोतवाल को कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान राजापुर निवासी रामनयन ने ग्रामसभा की जमीन से कब्जा हटाने, मुरीपुर गांव निवासी मुहम्मद सारिक ने गांव में सफाई कराने, सूर्यनाथ ने राशन न मिलने, अखलाख ने बैनामा की जमीन पर मकान नही बनाने देने, जमीन बरामदपुर निवासी शादिक खान ने नाले की सफाई कराने में प्रार्थना पत्र दिया।
उधर, दिवस पर अनुपस्थित रहे एसओ रानीपुर, चिरैयाकोट और सरायलखंसी के अलावा अधिशासी अभियंता जल निगम, मुहम्मदबाद गोहना ब्लॉक के एडीओ पंचायत समेत 6 अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया। समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह , सीडीओ आशुतोष कुमार द्विवेदी, सीएमओ डा. एससी सिंह डीडीओ विजय शंकर राय, डीसी मनरेगा तेजभान सिंह, एसडीएम , तहसीलदार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
घोसी : तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में किया गया। 61 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से मात्र छह का निस्तारण हो सका। समाधान दिवस में पतीला जमीन के बीडीसी सदस्य रामप्रवेश मौर्य ने शिकायत किया कि 28 अप्रैल को ग्राम स्वराज योजना के लगाये गये चौपाल में कोटेदार के भाई द्वारा उसे जान से मारने का धमकी दिया । इसी तरह पिडऊथसिंहपुर गांव निवासी आरती और भानमती ने आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश के चलते पात्रता होने के बाद उनका नाम सूची से हटा दिया गया है। जबकि बडराव के बीडीसी सदस्य आशुतोष शुक्ला ने तहरीर दिया कि प्राथमिक विद्यालय प्रथम , द्वितीय एवं तृतीय के कोटेदार द्वारा मिड डे मिल का खाद्यान समय से न उठाने के कारण भोजन बंद रहता है। समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी डा. राजेश कुमार के साथ ही सीओ अनिल कुमार , बीडीओ मनोज कुमार , कोतवाल डीके श्रीवास्तव मौजूद रहे।