मुहम्मदाबाद गोहना स्टेशन पर एकल खिड़की जहां एक अतिरिक्त खिड़की खोले जाने की उठ रही है मांग
वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर रेलवे की आरक्षण व्यवस्था में नो रूम की समस्या के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबी दूरी के यात्री आरक्षण कराने के लिए रेलवे काउंटरों और ऑनलाइन माध्यमों का चक्कर लगा रहे हैं।
इसके बावजूद टिकट नहीं मिलने से निराश होकर उन्हें लौटना पड़ रहा है। यात्रियों ने मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर दूसरी बुकिंग खिड़की खोलने की मांग की है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को यात्रा का अवसर मिल सके।
रविवार की सुबह आरक्षण टिकट की लाइन में लगे रविंद्र, प्रमोद, अनमोल और हरिकेश सहित अन्य यात्रियों ने बताया कि त्योहारों, शादी-विवाह और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग रेल यात्रा करते हैं। ऐसे समय में ट्रेनों में आरक्षण की मांग बढ़ जाती है, लेकिन सीटें सीमित होने के कारण टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति होने से यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ रही है या फिर दूसरे साधनों से सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। लोगों ने ट्रेन में अतिरिक्त कोच लगाए जाने या विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है।
आरक्षण लिपिक विजय कुमार ने बताया कि प्रतिदिन आरक्षण टिकट की अधिक मांग होने और एक फॉर्म से सीमित संख्या में ही टिकट बन पाने के कारण लंबी लाइन में लगे लोगों को निराशा होती है, हालांकि सभी को टिकट देने का प्रयास किया जाता है।