मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के सरया स्थित अस्थायी पशु आश्रय स्थल का मंगलवार को एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंश के रखरखाव, चारे-पानी, साफ-सफाई और गर्मी से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पशुओं की स्थिति देखने के बाद संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि आश्रय स्थल में गोवंश को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। नियमित साफ-सफाई के साथ पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बीमार पशुओं की समय से जांच और उपचार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने परिसर में हरियाली बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए खाली स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने को कहा। एसडीएम ने बताया कि पौधरोपण से वातावरण स्वच्छ रहेगा और गर्मी के मौसम में पशुओं को छाया भी मिलेगी। लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने को कहा।