घोसी तहसील सभागार में शपथ ग्रहण समारोह में मनोनित सभासदों ने लिया शपथ।संवाद
घोसी तहसील के सभागार में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने शासन की तरफ से घोसी तहसील क्षेत्र के तीन नगर पंचायतों के नौ मनोनीत सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
एसडीएम ने नगर पंचायत घोसी के मनोनीत सभासद राजेश मौर्य, नागेंद्र सिंह, रुपेंद्र भारती को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नगर पंचायत अमिला के मनोनीत सभासद आनंद वर्मा, महेंद्र पटेल, विजय तथा नगर पंचायत दोहरीघाट के मनोनीत सभासद राकेश गुप्ता, भरत लाल सोनकर, राहुल कुमार को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि नगर पंचायतों के विकास में सभासदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सभासद स्थानीय समस्याओं से सीधे तौर पर जुड़े होते हैं और जनता की अपेक्षाओं को समझते हुए विकास कार्यों को गति देने में उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है।
उन्होंने सभी मनोनीत सभासदों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करते हुए नगर क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त, जिला मंत्री रविंद्र उपाध्याय, चेयरमैन मुन्ना प्रसाद गुप्ता, डाॅ. राम जतन, आनंद चौधरी आदि शामिल थे।