मधुबन/दुबारी। स्थानीय थाना क्षेत्र के दुबारी में बृहस्पतिवार की दोपहर में एक बेकाबू स्कूली वैन ने ओवरटेक करते समय बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक और सवार वृद्धा, किशोरी घायल हो गई। जहां इलाज के दौरान घायल वद्धा ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया। वहीं घायलों को फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया।
मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी निवासी कौशल कन्नौजिया ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर वह अपनी दादी सुरसतिया (65) और बहन काजल (12) को लेकर बाइक से दुबारी से मधुबन की ओर जा रहा था। अभी वह कस्बा के मोड़ से आगे ही निकला था कि पीछे से आ रही निजी स्कूल की वैन के चालक ने आगे निकलने की होड़ में बाइक को बगल से टक्कर मार दी।
टक्कर के समय बाइक भी तेज गति में होने के चलते पलट गई। हादसे में सुरसतिया के सिर में तो काजल के हाथ पैर के साथ बाइक चला रहा कौशल भी घायल हो गया। लोगों ने घायलों को फतेहपुर मंडाव सामुदयिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने सुरसतिया देवी का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां वृद्धा ने दो घंटे बाद दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में कौशल और काजल की हालात गंभीर है। इस संबंध में मधुबन थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने ले आई। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।