बढुआगोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र सलाहाबाद निवासी राधिका देवी की तहरीर पर उनकी नाबालिग पोती स्कूल में पिटाई के आरोप में पुलिस ने रविवार की शाम प्रबंधक सुनील राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि दीवार से सिर टकराकर पिटाई की गई है। प्राथमिकी के अनुसार उनकी पोती अंशिका कुमारी (11) हरपुर सलाहाबाद स्थित माता कमला देवी इंटर कॉलेज में कक्षा छह की छात्रा है। रोज की तरह 18 सितंबर को भी स्कूल गई थी। दोपहर 11 से 12 बजे के बीच स्कूल से फोन आया की अंशिका की तबीयत खराब है। जब उसके चाचा प्रमोद राम उसे लेने पहुंचे तो अंशिका दर्द से चिल्ला रही थी और खून की उल्टियां कर रही थी।
अधिक चोट लगने के कारण वो बार-बार बेहोश हो रही थी। साथ पढ़ने वाले बच्चों से पूछने पर पता चला कि कॉलेज के प्रबंधक सुनील राय ने किसी बात पर छात्रा की पिटाई की है। अंशिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद प्रबंधक से बात करने गए तो, जातिसूचक गालियां दी और धमकी देते हुए भगा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
काॅलेज प्रबंधक सुनील राय का कहना कि मेरे ऊपर लगाए गए आरोप गलत है।जिस बच्ची पर मारपीट का आरोप लगाया जा रहा है उसे झटका की आने की बीमारी है, जिसका उपचार परिजन आजमगढ़ में करा रहे है।स्कूल में कई बार यह बेहोश हो चुकी है।बीते 18 सितंबर को दुबारा झटका आने पर उसके परिजनों को बुलाकर घर भेजा गया।जहा उसका उपचार जिला अस्पताल में हुआ था।मुझे उसके परिजन किसी रिश्तेदार के कहने पर झूठे केस में फसा रहे हैं।