यूपी में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा का चुनाव होना है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी छोटे-बड़े दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुट गए हैं। सपा जहां अपनी खोई हुई जमीन वापस पाना चाहती है वहीं भजापा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए पूरा जोर लगा रही है। भाजपा सरकार के कामकाज से जनता कितना संतुष्ट है और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार को लेकर लोगों की राय क्या है? प्रदेश की जनता के 'मन की बात' जानने के लिए आमर उजाला ने एक अभियान चलाया है जिसका नाम है 'सत्ता का संग्राम'। इस अभियान के तहत अमर उजाला की टीम प्रदेश की सभी विधानसभाओं में जाकर तमाम मुद्दों को लेकर लोगों से बात कर रही है और ये जानने की कोशिश कर रही है कि क्षेत्र के मौजूदा विधायक के काम-काज से जनता कितना संतुष्ट है? इसी कड़ी में मऊ जिले की मधुबन विधानसभा सीट का अमर उजाला की टीम ने जायजा लिया।
मधुबन में योगी सरकार के काम पर क्या बोली महिलाएं?
सत्ता का संग्राम के तहत अमर उजाला की टीम मऊ जिले की मधुबन विधानसभा पहुंची जहां,स्थानीय लोगों से बात कर सरकारी योजनाओं और विकास की जमीनी हकीकत जानने की कोशिश की। यहां महिला सुरक्षा को लेकर बातचीत के दौरान महिलाओं ने बताया कि वो योगी सरकार में खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। छात्रों ने पेपर लीक का मुद्दा उठाया, छात्रों और अध्यापकों ने कहा कि बच्चे बहुत मेहनत करते हैं फिर पेपर लीक होने से बड़ी दिक्कत होती है इसलिए पेपर लीक नहहीं होना चाहिए। वहीं आगे महिलाओं ने कहा कि पहले की अपेक्षा योगी सरकार में कानून-व्यवस्था बहुत अच्छी है। इस महिलाओं ने महंगाई का भी मुद्दा उठाया।
मधुबन के किसानों को कितना फायदा ?
सत्ता का संग्राम के तहत मधुबन विधानसभा में किसानों से सरकारी योजनाओं को लेकर बातचीत के दौरान अन्नदाताओं ने बताया कि किसानों के लिए योगी सरकार में अच्छा काम हुआ है। किसान सम्मान निधि सभी किसानों को मिल रही है। आगे किसानों ने कहा कि खाद को लेकर बहुत समस्या है सरकार को खाद का मामला सुलझाना चाहिए। वहीं किसान स्थानीय विधायक के काम से नाराज दिखे उन्होंने कहा कि विधायक का कामकाज बहुत अच्छा नहीं है उन्होंने कहा कि वो स्थानीय विधायक को दस में से पांच नंबर देंगे। कुछ किसानों ने कहा कि यहां प्रधान के द्वारा जो काम कराया गया है वही काम हुआ है बाकी कोई काम नहीं हुआ है।
मधुबन की जनता ने बताया कितना हुआ विकास?
सत्ता का संग्राम के तहत अमर उजाला की टीम ने मधुबन विधानससभा के आम लोगों से बातकर योगी सरकार के कामकाज के बारे में जानकारी ली। यहां लोगों ने योगी सरकार की कार्यशैली को लेकर जमकर तारीफ की। लोगों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बहुत अच्छी है और आने वाले विधानसभा में भी बीजेपी और योगी सरकार को वोट करेंगे। एक स्थानीय ने कहा कि पहले के मुकाबले योगी सरकार में काम अच्छा हुआ है। आने वाले चुनाव में लोग बिजली, शिक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर वोट करेंगे।