नगर के जीवन राम छात्रावास के मैदान पर आयोजित अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता ट्र
मऊ। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ से संबद्ध अंतरमहाविद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ के तत्वावधान में जीवनराम छात्रावास के मैदान पर किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध लगभग 10 महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ और सर्वोदय पीजी कॉलेज, घोसी के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, सर्वोदय पीजी कॉलेज, घोसी की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ को 15 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सर्वेश पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए टीम भावना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में सफलता प्राप्त करने के लिए आपसी सहयोग, अनुशासन और टीम भावना बेहद जरूरी है। यदि व्यक्ति मिलकर एक लक्ष्य की दिशा में प्रयास करें तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रोफेसर सीपी राय, विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. अमरजीत, संयुक्त सचिव प्रो. अर्पित मिश्रा, कोयलसा डिग्री कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. रूपेश तिवारी एवं डॉ. राजेश विश्वकर्मा, डीएवी पीजी कॉलेज के टीम मैनेजर डॉ. युगांत उपाध्याय, डॉ. प्रद्युम्न पासवान, डॉ. इश्तियाक अहमद, डॉ. जंग बहादुर प्रजापति उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।