बाबा साहेब पर गृहमंत्री के बयान के बाद समाजवादी पार्टी बड़ा प्रदर्शन करती नजर आई। हर जिले में सपा का प्रदर्शन हो रहा है मऊ में भी सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और विरोध दर्ज किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा।
बाबा साहेब को लेकर गृहमंत्री अमित शाह के बयान को लेकर राजनैतिक पार्टी का विरोध खत्म होता नहीं दिख रहा है। 24 घंटे पहले कांग्रेसियों द्वारा विरोध प्रदर्शन के बाद शनिवार को सपाईयों ने इस बयान की निंदा करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। नारेबाजी कर अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
विज्ञापन
शनिवार की सुबह 11 बजे समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष दूधनाथ यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता नगर के बाल निकेतन स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां पर जुलूस की शक्ल में सभी जिलाधिकारी के कार्यालय नारा लगाते प्रदर्शन करते पहुंचे। इससे पहले सपा कार्यकर्ताओं ने अमित शाह के बयान को लेकर नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाअध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा कि जिस प्रकार से संसद में देश के गृहमंत्री ने बाबा साहब को लेकर बयान दिया वह काफी निंदानीय है, हम सभी देशवासी बाबा साहब का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब के सम्मान में विद्रोह प्रदर्शन कर रही है।
वहीं मुहम्मदाबाद गोहना सपा विधायक राजेंद्र राम ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे देश में आंदोलन हो रहा है उससे कहीं ना कहीं भारतीय जनता पार्टी बैक फुट पर नजर आ रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष शैलेंद्र यादव साधु, अल्ताफ अंसारी, धर्मप्रकाश यादव, कुदूस अंसारी, शाहनवाज आलम, रामायण यादव, तैयब पालकी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।