इस साल खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा दिसंबर में लिए गए नमूनों की जनवरी के अंत में आई 46 रिपोर्ट में 45 फेल मिले हैं। इसमें टाटा नमक और पैकेट वाले दूध के नमूने भी फेल हुए हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार पैकेट पर लिखे अनुसार पोषक तत्व दूध और नमक में नहीं मिले।
होली पर इस बार मिलावटखोरों के साथ दूसरे जिलों से आने वाले खोए और पनीर लदे वाहनों पर विभाग की पैनी नजर है। 20 फरवरी से चारों तहसीलों में चेकिंग कर नमूने लिए जा रहे हैं, साथ ही इस बार गाजीपुर, कानपुर और गोरखपुर से आने वाले खोवा, पनीर और बूंदी से लदे वाहनों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की विशेष निगाह रहेगी।
इस साल अप्रैल से जनवरी माह तक जिले की चारों तहसीलों में विभाग की टीमों ने मिलावट को लेकर 1711 जगहों पर निरीक्षण किया।
412 जगहों पर छापा मारा और 439 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। जनवरी माह तक 265 नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है। इनमें से 182 नमूने मानक पर फेल पाए गए। सबसे अधिक 20 नमूने अलग अलग पैकेट वाले दूध के हैं।
18 नमूने दूध से बनी मिठाईयों के हैं, जो फेल हुए। 10 नमूने तेल के थे, जो समय से पहले मानक पर फेल थे। इसके अलावा दो नमूने पानी के, लड्डू के तीन, नमक का एक नमूना फेल हुआ और केक के दो फेल हुए।
केवल जनवरी माह में टीम ने 116 जगहों पर निरीक्षण किया, 18 जगहों पर छापा मारा और 18 नमूने लिए थे। जबकि त्योहारों पर नमूने लेने की संख्या 35 से अधिक होती है। बीते दीपावली पर अक्तूबर के 12 दिनों में ही 32 नमूने संग्रह करके जांच के लिए भेजे गए थे।
-
मसालों से लेकर पानी तक में की मिलावट
मिलावट करने वालों ने किसी खाद्य सामग्री को नहीं छोड़ा है। बोतल बंद पानी में भी मिलावट पाई गई है। पनीर, दूध, घी, मिठाई, सरसों का तेल, रिफाइन और मसाले तक के नमूनों की जांच में मिलावट मिल चुकी है। जगह-जगह नमूने लेकर प्रयोगशाला में कराई गई जांच में यह बात सामने आई थी।
सीज हुआ था 60 लीटर मिलावटी तेल
रतनपुरा ब्लॉक के हलधरपुर में बीते 10 अक्तूबर 2025 को छापेमारी के दौरान कारोबारी खराब कंटेनर में दोबारा स्टीकर लगाकर मिलावटी तेल रखकर बेचते पाया गया था। 15 लीटर के 150 पुराने व पहले उपयोग के किए टिन कंटेनर में सरसों का तेल रखा मिला। टीम ने 60 लीटर खराब सरसों का तेल सीज किया था। पता चला कि कारोबारी यही तेल बड़ी मात्रा में दूसरे व्यापारियों को सप्लाई करता है।
होली को लेकर 20 फरवरी से चेकिंग अभियान शुरू हो गया है। पहले दिन टीम ने घोसी तहसील में सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। गाजीपुर से चलकर पहुंची प्राइवेट बस से भारी मात्रा में मिलावटी खोवा जब्त कर लिया गया। साथ ही दो दुकानों से नमूने लिए गए हैं। ऐसा नहीं है कि केवल त्योहारों पर ही नमूने लिए जाते हैं। हर माह मिलावट को लेकर कार्रवाई की जाती है।
- एसके मिश्र, सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय, मऊ
प्राइवेट बस में लदा 1.80 क्विंटल मिलावटी खोवा सीज, सड़ा हुआ 15 किलो नष्ट कराया
शुक्रवार की शाम टीम अमिला बाजार में पहुंची। शाम को थानीदास बाजार में गाजीपुर से गोरखपुर जाने वाली प्राइवेट बस से कुछ लोग बोरियां निकाल रहे थे। तभी टीम ने पहुंचकर तलाशी ली तो नौ बोरियों में 1.80 क्विंटल मिलावटी खोवा भरा था, जिसकी कीमत 45 हजार रुपये थी।
जब्त करने के साथ ही टीम ने नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया। अमिला बाजार स्थित वैष्णव स्वीट्स से 15 किलो सड़ा हुआ खोवा नष्ट कराया गया, जिसकी कीमत 3750 रुपये थी। साथ ही नमूना जांच के लिए भेजा गया। वहां से कुछ दूरी पर बजरंग स्वीट्स से मिलावट के संदेह पर खोवा का नमूना लिया गया।