मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्रोें की ऑनलाइन मानीटरिंग करने के लिए बनाए गए कंट्रोल रुम में तैनात चार सहायक अध्यापकों के अनुपस्थित मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने फरवरी माह का अग्रिम वेतन रोकने का आदेश दिया है। साथ ही स्पष्टीकरण मांगा है।यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए 135 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मानीटरिंग करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रुम में बनाया गया है। कंट्रोल रुम में राजकीय बालिका इंटर कालेज बड़रांव की सहायक अध्यापिका शिल्पी जैसल, इसी विद्यालय की सहायक अध्यापिका नीतू मौर्या, सहायक अध्यापक शशिकला पटेल और राजकीय उमा विद्यालय बेला कसैला की सहायक अध्यापिका प्रमिला यादव की रिजर्व ड्यूटी लगाई गई है।
एक मार्च 2025 को औचक निरीक्षण में सभी शिक्षिकाएं अनुपस्थित मिली थी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने रिजर्व ड्यूटी में तैनात चार सहायक अध्यापिकाओं का फरवरी माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया है। साथ ही लापरवाह शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण मांगा है। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह का कहना है कि कार्य में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है।