चिरैयाकोट। मुहम्मदाबाद गोहना एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री और क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार शाम चिरैयाकोट के तैयबपुर मुहल्ले में एक लाइसेंसी पटाखा गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान गोदाम में आग से बचाव के सभी उपकरण निष्क्रिय पाए गए। पटाखों की संख्या भी निर्धारित मानक से कम मिली।
यह गोदाम गंगासागर का है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई। आग बुझाने के लिए रखे गए अग्निशमन सिलिंडर सक्रिय नहीं थे। पानी से भरे ड्रम और अन्य आवश्यक उपकरण भी गोदाम में उपलब्ध नहीं थे।
अधिकारियों ने गोदाम मालिक को तत्काल सभी सुरक्षा उपकरणों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्हें यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने और आग लगने की स्थिति में उस पर आसानी से काबू पाया जा सके। एसडीएम ने बताया कि गोदाम में पटाखों की संख्या भी निर्धारित मानक से कम पाई गई।
उन्होंने गोदाम मालिक को भविष्य में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां दुरुस्त होनी चाहिए। सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद