ग्राम पंचायत रईसा में पर्याप्त संख्या में शौचालय न बनाए जाने, सफाई कर्मियों के न आने से गांव की गलियों में गंदगी है। इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को ग्राम पंचायत भवन के सामने प्रदर्शन किया। खंड विकास अधिकारी तथा एडीओ पंचायत के विरुद्ध नारेबाजी की। ग्रामीणों की शिकायत थी कि गांव में पात्रों के घरों पर शौचालय नहीं बनवाया जा रहा है। गांव में व्याप्त गंदगी संक्रमण से बीमारियां फ़ैल रही हैं। इनकी चपेट में आकर गांव के लोग बीमार पड़ रहे हैं।
कोपागंज ब्लाक के ग्राम पंचायत रईसा में शौचालय विहीन काफी परिवार हैं। ये परिवार शासन की गाइडलाइन के अनुसार शौचालय के लिए अनुदान पाने की पात्रता की श्रेणी में आते हैं। लेकिन विभागीय अधिकारियों की संवेदनहीनता के चलते काफी परिवार शौचालय से वंचित हैं। जबकि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गांवों को खुले में शौच मुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना था कि रईसा गांव में तीन-तीन सफाई कर्मी नियुक्त हैं लेकिन अभी तक ग्रामीण उन्हें पहचानते तक नहीं। इसके चलते गांव में बड़े पैमाने पर सालों साल गंदगी फैली रहती है। इसके चलते संक्रामक बीमारियां पांव पसार रही हैं। इस बात की शिकायत ग्रामीणों ने ब्लाक के बीडीओ व एडीओ पंचायत से लिखित व मौखिक रूप से कई बार की लेकिन अब तक कोई पहल या कार्यवाही नहीं की गई।
इस समस्या से आजिज होकर गांव वालों ने पंचायत भवन के सामने बीडीओ व एडीओ पंचायत के विरुद्ध नारे लिखी तख्तियां हाथों में लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि अविलम्ब इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में मनीष राय, राजन गोंड, मनीराम, अमित खरवार, दुर्गविजय, हरदेव, तेतरी आदि मौजूद रहे।