शहर कोतवाली क्षेत्र के पृथ्वीराज चौहान महाविद्यालय में पीएसी कैंप में हैंडग्रेनेट फटने के मामले में 20वीं वाहिनी के सेनानायक विक्रमादित्य सचान ने सोमवार को जांच टीम गठित कर दी। लापरवाही उजागर होने पर कार्रवाई की जाएगी। टीम इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो गई। कहीं ऐसा तो नहीं कि मामले पर पर्दा डालने के लिए प्रशिक्षण देने की बात कही जा रही है। क्योंकि अगर प्रशिक्षण का मामला होता तो उसमें सिर्फ सात लोग ही क्यों घायल होते। पीएसी के अन्य जवान उस समय प्रशिक्षण में शामिल क्यों नहीं थे।
बता दें कि पृथ्वीराज महाविद्यालय में आगामी त्योहारों के दृष्टिगत 20वीं वाहिनी की पीएसी आजमगढ़ से आकर रुकी हुई है। रविवार को प्रशिक्षण के दौरान हैंड ग्रेनेड फट गया और उसमें कंपनी कमांडर रामअवतार सहित सात जवान घायल हो गए। सेनानायक विक्रमादित्य सचान ने आकर निरीक्षण किया था। हालांकि जवानों की पूछताछ में पता चला कि प्रथम दृष्टयता प्रशिक्षण के दौरान हादसा है। लेकिन प्रशिक्षण में कुछ ही जवानों के घायल होने के मामले को उन्होंने गंभीरता से लिया। अगर प्रशिक्षण दिया जा रहा था तो और जवान क्यों नहीं थे।
इस मामले में सेनानायन विक्रमादित्य सचान ने बताया कि विभागीय जांच टीम गठित कर दी गई है। मामले की जांच पूरी होने के बाद अगर विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी निखिल शुक्ला का कहना है कि मामला पीएसी से जुड़ा है और वह खुद ही इस मामले की जांच पड़ताल कर रहे हैं। इसके चलते इसकी मजिस्ट्रीयल जांच नहीं कराई जा रही है। अगर पीएसी से किसी प्रकार की जांच कराने के लिए कोई पत्र मिलता है तो इसकी मजिस्ट्रीयल जांच भी कराई जाएगी।