मुहमदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के शेखवाड़ा मोहल्ला स्थित हाजी साहब मस्जिद के बैंक खाते से 10.35 लाख रुपये गबन के मामले पुलिस ने सोमवार की रात तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मस्जिद के पूर्व सचिव और खजांची सहित तीन पर कार्रवाई की।
मामला 2019 का है। शेखवाड़ा निवासी सुभानतुल्लाह की शिकायत व कोर्ट के आदेश पर दर्ज मुकदमे के अनुसार शेखवाड़ा मुहल्ला स्थित हाजी साहब की मस्जिद सेंट्रल सुन्नी वक्फ बोर्ड द्वारा संचालित है। यूनियन बैंक में मस्जिद के खाते में 10.35 लाख रुपये जमा थे।
2019 में जमा रुपये की जानकारी के लिए बैंक गया तो, पता चला कि मस्जिद के सचिव एखलाक, खजांची जाफर और बहाव ने धोखाधड़ी कर पूरी धनराशि निकाल ली थी। शिकायत पर सेंट्रल वक्फ बोर्ड और वक्फ न्यायाधिकरण की जांच में धांधली उजागर हो गई, तो कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारियों से गुहार लगाई। घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत पत्र भेजा था। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय का सहारा लिया। जिसके बाद न्यायालय ने पुलिस को मस्जिद के पूर्व सचिव और खजांची सहित तीन पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।