नगर क्षेत्र के गजीपुर तिराहा पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर सड़क की नापी करते पीडब्लूडी विभाग के अधिकारी।
नगर को जाम मुक्त करने और सुंदर बनाने के लिए गाजीपुर तिराहे से लेकर बालनिकेतन तिराहे तक सड़क चौड़ी की जाएगी। डिवाइडर भी बनाया जाएगा। गुरुवार को जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र के विभिन्न चौराहों का निरीक्षण किया। सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर बनाने के लिए सड़क की नापी की गई।
गुरुवार को डीएम वैभव श्रीवास्तव ने गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ तिराहा पर सड़क का सीमांकन कराया। सिटी मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय, सीओ सिटी सुशील कुमार को फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटवाने का निर्देश भी दिया। बताते चलें कि डीएम ने काफी दिनों पहले एक योजना बनाई थी।
इसमें शहर के प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण और गाजीपुर तिराहा से लेकर बालनिकेतन तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण कर डिवाइडर बनवाने की योजना थी। गुरुवार को इसी को लेकर अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने इस दौरान बिजली विभाग को निर्देश जारी किया कि वे जल्द ही सड़क के किनारे लगे खंभों को सड़क के बीच से हटाने की व्यवस्था करें।