एक माह में ही सड़क कुछ इस तरह से उखड़ने लगी
विकास फतहपुर मंडाव के ग्रामसभा के रामपुर रसूलपुर आदमपुर से चांदपुर मस्जिद तक जाने वाली एक माह पूर्व बनवाई गई पिच सड़क की गिट्टियां एक बरसात भी नही झेल पाई। अभी से उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने कार्य मे कई बार मानक के हिसाब से सड़क नही बनाने का विरोध किया लेकिन ठेकेदार ने उनकी नहीं सुनी। इससे सड़क बने एक माह भी नही बीता की गिट्टी उखड़ने लगी हंै। स्थानीय लोगों ने निर्माण के दौरान तारकोल व गिट्टियों के मिश्रण में मानक में बरती गई अनियमितता पर विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया था बावजूद ध्यान नहीं दिया गया है ।
फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के चांदपुर की आबादी लगभग डेढ़ हजार है। यह गांव विकास से कोसों दूर है। वर्षों कवायद के बाद चांदपुर गांव को रसूलपुर रामपुर संपर्क मार्ग से पिच सड़क से जोड़ा गया। लेकिन कार्यदायी संस्था द्वारा बनवाई गई सड़क में घोर अनियमितता बरती गई। इससे एक माह भी नहीं बीता कि सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी। इससे साइकिल, मोटरसाइकिल सवारों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन गिट्टियों की वजह से फिसलने से गिरकर जख्मी हो रहे हैं। सड़क निर्माण के दौरान मानक की हुई अनदेखी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सड़क निर्माण में हुई धांधली के खिलाफ हबीबुल्ला, आतीफ, शमीम, अमजद, नइम, तिलकधारी, मुहम्मद उमर, मुहम्मद आमिर, इसराइल का कहना है कि सड़क निर्माण में बरती गई अनियमितता की जांच कराई जाए अन्यथा हम लोग चुप नहीं बैठेंगे। इस बाबत एसडीएम मधुबन सुरेंद्र नाथ मिश्र का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं आया है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर रिपोर्ट मांगी जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।