मऊ नगर पालिका गोल्ड कप आल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट के लीग राउंड का पहला मैच रविवार को यूनाईटेड स्पोर्ट्स क्लब कोलकाता और आरके स्टील मुंबई के बीच खेला गया।
दोनों टीमें शुरू से ही आक्रामक रहीं, लेकिन मध्यांतर तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हॉफ के सातवें मिनट में यूनाईटेड के बुद्धिराम तोडू ने गोल करने का आसान मौका गंवाया लेकिन उसके तुरंत बाद ही उन्होंने बेहतरीन गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई।
मैच के 44वें मिनट में यूनाईटेड के 26 नंबर के खिलाड़ी शंकर नायक को फाउल करने पर रेफरी द्वारा लाल कार्ड दिखाया गया। शंकर नायक अब अगला मैच भी नहीं खेल पाएंगे। अन्त तक दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं। इस प्रकार यूनाईटेड स्पोर्ट्स क्लब कोलकाता ने आरके स्टील मुंबई को 1-0 से हरा दिया।
दूसरा मैच जार्ज टेलीग्राफ कोलकाता और साउदर्न स्पोर्ट्स एसोसिएशन कोलकाता के बीच खेला गया। मैच के 12वें मिनट में साउदर्न स्पोर्ट्स के विकी को गोल करने का मौका मिला लेकिन वह विफल रहे। पहले हाफ तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं।
दूसरे हाफ के शुरू होते ही साउदर्न ने जबरदस्त आक्रमण किया और उसके विदेशी खिलाड़ी ईव ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। मैच के 45वें मिनट में साउदर्न स्पोर्ट्स को पेनाल्टी किक मिली। साउदर्न स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से ईव ने पोनाल्टी किक को गोल में बदलकर अपनी टीम की बढ़त 2-0 दिला दी।
मैच के 48वें मिनट में जार्ज टेलीग्राफ को भी पेनालटी किक मिली। जार्ज की ओर से हबीब ने पेनाल्टी लगाई लेकिन वह चूक गये, लेकिन सेकंड चांस में जार्ज के तिलक साहा ने गेंद को जाल में उलझा कर स्कोर 2-1 कर दिया।
मैच के 55वें मिनट में साउदर्न स्पोर्ट्स के विदेशी खिलाड़ी विकी को फाउल करने के कारण रेफरी द्वारा लाल कार्ड दिखाया गया। मैच के अन्त तक कोई और गोल नहीं हुआ और इस प्रकार साउदर्न स्पोर्ट्स क्लब ने जार्ज टेलीग्राफ को 2-1 से हरा दिया।