सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सिकटिया ओवरब्रिज के पास स्थित हनुमान मंदिर के सामने सोमवार की रात 10 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में हेमंत कुमार (24) की मौत हो गई, जबकि गुलशन यादव (23) और चंदन कुमार घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को जिला अस्पताल भेजवाया। हेमंत के भाई की तहरीर पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के इटौरा चौबेपुर निवासी हेमंत कुमार, चंदन कुमार और आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के अमदई गांव निवासी गुलशन यादव एक ही बाइक से अपने दोस्त की बरात में रतनपुरा गए थे।
वहां से लौटते समय रात 10 बजे वे सिकटिया ओवरब्रिज के पास स्थित मंदिर के सामने पहुंचे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार आर्टिगा कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। जांच के बाद डॉक्टर ने हेमंत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में आर्टिगा कार द्वारा बाइक में टक्कर मारकर भागते हुए दिखाई देने की बात सामने आई। हेमंत के पिता हरिबचन की दोनों किडनी खराब हैं और वे बीते छह माह से बिस्तर पर हैं।
हेमंत तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे तथा बीच वाले भाई के साथ मुंबई में रहकर काम करते थे। चार दिन पहले ही वह घर आए थे।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि गुलशन यादव को घायल अवस्था में भर्ती किया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। हेमंत कुमार को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कोट -
सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि अनियंत्रित आर्टिगा कार ने सामने से बाइक में टक्कर मारी है। नंबर के आधार पर उसकी जांच की जा रही है। अज्ञात चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। -घनश्याम यादव, सरायलखंसी थाना प्रभारी