कोरोना संक्रमण से ठीक होने के बाद भी लोगों में थकान, कमजोरी, सांस फूलना, ठीक से नींद ना आना जैसी समस्या सामने आ रही हैं। सबसे ज्यादा लोगों में कमजोरी देखने को मिल रही है। ऐसे मरीजों को लगातार मॉनिटरिंग और उपचार की जरूरत को देखते हुए जिला अस्पताल में पोस्ट कोविड अस्पताल संचालित किया जा रहा है।जिसमें अस्पताल के तीन फिजिशियन द्वारा पोस्ट कोविड मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
सीएमएस डॉ. बृजकुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर कोविड से ठीक होने के बाद किसी बीमारी की समस्या के उपचार के लिए डेढ़ माह पूर्व ही जिला अस्पताल में पोस्ट कोविड अस्पताल की सुविधा शुरू कर दी गई है। बताया कि वर्तमान में 10 से 15 पोस्ट कोविड मरीज उपचार कराने के लिए पहुंच रहे है।अस्पताल के सीनियर फिजिशियन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अस्पताल में कोरोना से ठीक होने के बाद भी लोगों को सीढ़ियां चढ़ने में अब लोगों की सांसें फूलने लगती है। सांस लेने में परेशानी, चक्कर आना, थकान, हल्का बुखार जोड़ों में दर्द और उदासी जैसे लक्षण भी सामने आ रहे हैं।इन मरीजों का उपचार किया जा रहा है, आवश्यकता पड़ने पर इन मरीजों का भर्ती कर उपचार भी किया जा रहा है।
कोविड से ठीक होने के बाद यह करना चाहिए मरीजों को
मऊ। जिला अस्पताल के फीजिशियन डॉ. शैलेष कुशवाह ने बताया कि ठीक हुए मरीज नियमित एक्सरसाइज करें।अपने भोजन पर विशेष ध्यान दें, डाइट अच्छी रखें। फेफड़ों को लेकर अपनी क्षमता के अनुसार एक्सरसाइज करें। दिनचर्या को नियमित रखें।शरीर में पानी की कमी नहीं आने दे। पोस्ट कोविड में कमजोरी की समस्या कई माह तक रहती है। हाथ पैरों में दर्द और वजन कम होने की शिकायत लोगों में हो रही है। हालांकि व्यक्ति धीरे-धीरे रिकवरी होता है।