भूमि अधिग्रहण अध्यादेश में संशोधन के विरोध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर उत्तर प्रदेश किसानसभा के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
मंगलवार को जुलूस की शक्ल में उत्तर प्रदेश किसानसभा के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां पर उन्होंने भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के विरोध में प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओें को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश किसानसभा के अध्यक्ष देवेंद्र मिश्र ने कहा कि भूमि अधिग्रहण अध्यादेश में केंद्र सरकार ने संशोधन कर किसान, मजदूर, गरीब विरोधी कार्य किया है।
इस संशोधन से गरीब, मजदूर, किसान और गांव के लोगों को अधिकार समाप्त होगा। साथ ही विदेशी शक्तियों व कारपोरेट घरानों के ऊपर आम लोगों की निर्भरता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि विदेशी और कारपोरेट घरानों पर निर्भर होने के बाद किसान आत्महत्या करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि इस संशोधन से विस्थापन भी बढ़ेगा जिससे कानून व्यवस्था को सुदृण करने में सरकार को समस्या पैदा होगी।
उत्तर प्रदेश किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंकने साथ राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान मुख्य रुप से जितेंद्र रामभर, रामप्यारे गौतम, अमरनाथ चौहान, रमेश चौहान आदि मौजूद रहे।