मऊ। ग्राम पंचायतों के आरक्षण की सूची मंगलवार की शाम तक अधिकृत रूप से जारी तो नहीं हुई थी लेकिन पूरे दिन आरक्षण सूची दिन भर वायरल होती रही। हालांकि इस सूची पर किसी अधिकारी के दस्तखत नहीं है जिससे यह अधिकृत नहीं मानी जा रही है लेकिन इसको लेकर भी चर्चा होती रही।
आरक्षण सूची की जानकारी के लिए विकास भवन पर लोगों की भीड़ लगी रही। सभी अपने गांवों के आरक्षण के बारे में जानने के लिए उतावले थे। डीपीआरओ और एडीपीआरओ अपने अपने कक्षों में नहीं थे। जो लोग डीपीआरओ कार्यालय में जाकर आरक्षण के बाबत जानकारी चाह रहे थे, उन्हें बताया जा रहा था कि सूची को अंतिम रूप दिया गया है। डीएम के हस्ताक्षर नहीं हो पाए हैं। उधर सूत्रों के अनुसार डीपीआरओ और एडीपीआरओ कुछ एडीओ ( पंचायत) मुहम्मदाबाद गोहना स्थित किसी स्थान पर सूची फाइनल करने में जुटे है। वैसे ग्राम पंचायत निदेशालय की ओर से जारी गाइड लाइन के अनुसार दो अथवा तीन मार्च को आरक्षण सूची जारी करने का निर्देश है। डीपीआरओ भी दो मार्च को आरक्षण सूची जारी कर देने के दावे करते रहे। लेकिन मंगलवार को समाचार लिखने तक आरक्षण सूची जारी नहीं हुई थी। इस बाबत जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर को कई बार फोन कर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष विवेकानंद यादव कहते हैं कि आरक्षण को लेकर जिला प्रशासन को लेकर बनी ऊहापोह की स्थिति को दूर करना चाहिए था। सोशल मीडिया पर वायरल सूची के प्रमाणिकता को लेकर लोग दिन भर सशंकित रहे।
इंदारा : गांवों के आरक्षण की स्थिति जानने के लिए जिला मुख्यालय से ब्लाक मुख्यालय पर लोग जुटे रहे। ब्लाक कार्यालय पर आरक्षण सूची चस्पा नहीं होने से प्रधान के दावेदार और उनके समर्थक काफी परेशान रहे। वे गांव की आरक्षण की स्थिति को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर ब्लाक मुख्यालय के अधिकारियों के यहां चक्कर लगाते रहे। उधर, सोशल मीडिया पर वायरल ग्राम पंचायतों की आरक्षण सूची की प्रमाणिकता को लेकर चर्चा होती रही।
इनपुट:
आरक्षण सूची चस्पा न होने से लोग मायूस
रतनपुरा। स्थानीय ब्लाक के ग्राम पंचायत के चुनाव में आरक्षण को लेकर रतनपुरा ब्लॉक एडीओ पंचायत कार्यालय पर सुबह से ही अपने गांव की आरक्षण सूची जानने की जिज्ञासा लिए लोग जमे रहे। उन सभी लोगों को निराश ही होना पड़ा। शाम लगभग सात बजे तक ग्राम पंचायतों की आरक्षण सूची चस्पा नहीं हुई थी। इस संबंध में एडीओ पंचायत रविंद्र नाथ यादव ने बताया कि देर शाम तक आरक्षण सूची ब्लाक पर आ जानी चाहिए।