कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लायें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी द्वारा पंचायतों में नवनिर्मित शौचालयों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि सभी शौचालयों का शत-प्रतिशत सत्यापन की रिपोर्ट फोटो के साथ अपलोड हो जानी चाहिए। जब तक सभी शौचालयों की रिपोर्ट अपलोड नहीं हो जाती तबतक सभी एडीओ पंचायतों का वेतन रोकने के निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मनरेगा की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पोखरे का कार्य जहां भी जो भी आधा-अधूरा हुआ है, उसे तत्काल पूर्ण करा लें। डीएम ने चेतावनी दी कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरी निष्ठा के साथ पूर्ण करें। इसी क्रम में इंदिरा एवं लोहिया आवास की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी आवासों को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कहा कि जहां द्वितीय किश्त की आवश्यकता है, वहां मांग के अनुसार फण्ड रिलीज किया जाय। उप निदेशक कृषि आशुतोष मिश्र को निर्देश दिये कि सभी किसानों का पंजीकरण आन-लाईन करा लिया जाय जिससे किसानों को खाद्य-बीज एवं अन्य कृषि से संबंधित उपकरणों का लाभ लेने में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरिजेश कुमार त्यागी, परियोजना निदेशक हरिचरन सिंह, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त एपीओ, समस्त एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।