पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोसी में स्वस्थ्य परीक्षण करते चिकित्सक ।संवाद
घोसी नगर के मझवारा मोड़ स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोसी परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में 100 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
आरबीएसके टीम के डॉ. इंद्रकेश यादव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात दोष, बीमारियों, पोषण संबंधी समस्याओं एवं विकास संबंधी कमियों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। डॉ. प्रियंका गुप्ता ने कहा कि बच्चों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण होने से कई गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में ही पहचान हो जाती है।
इस अवसर पर डॉ. ममता, जयप्रकाश यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।