कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुंगेसर में एक व्यक्ति के घर पर मंगलवार की रात पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने इस दौरान एक स्कूल से बीते दिनों चोरी की गई राशन सामग्री बरामद किया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
कोपागंज थानाध्यक्ष प्रदीप मौर्या ने बताया कि बीते 3 फरवरी और 10 फरवरी को कोपागंज थाना क्षेत्र के कनियारीपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय से मिड डे मिल का राशन चोर चोरी कर ले गया था। इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी थी।
बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि स्कूल से चोरी राशन मुंगेसर गांव निवासी सत्येंद्र कुमार के घर पर रखा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मंगलवार की रात छापा मारकर घर से चोरी का राशन बरामद किया। आरोपी ने बताया कि उसने स्कूल में ट्रैक्टर से राशन उतरते देखा था। जिसके बाद उसके द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। बताया कि इस दौरान चोरी कर अनाज को ठेले पर लादकर अपने घर लाया था।