मुरादपुर गोठा में आयोजित स्व. रक्षा यादव स्मृति बाबा सैयद क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता ट्राफी
- फोटो : शव मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन।
कुसुम्हा (मऊ)। मुरादपुर गोठा में आयोजित स्व. रक्षा यादव स्मृति बाबा सैयद क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को बड़कीबारी रसूलपुर और महुला आजमगढ़ की टीम के बीच खेला गया। इसमें रसूलपुर बड़कीबारी ने महुला आजमगढ़ को 5 विकेट से हराकर विजेता ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया।
टॉस जीतकर महुला आजमगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। रसूलपुर बड़कीबारी टीम की कसी हुई गेंदबाजी के सामने महुला की पूरी टीम निर्धारित 16 ओवर में 149 रन बनाकर आउट हो गई। महुला की ओर से बल्लेबाज महेश राय ने 26 गेंदों में सर्वाधिक 66 रन बनाए। 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रसूलपुर बड़कीबारी की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। महज 14 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। रसूलपुर बड़कीबारी टीम के बल्लेबाज कृष्णा ने 68 रनों की नाबाद पारी खेली। जीत के साथ ही रसूलपुर बड़कीबारी ने स्व. रक्षा यादव स्मृति बाबा सैयद क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। रसूलपुर के कृष्णा को फाइनल सहित पूरी प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबले का उद्घाटन सगड़ी विधायक एच एन सिंह पटेल और गोठा ग्राम प्रधान रामजन्म गुप्ता ने किया। विधायक एच एन सिंह पटेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। विधायक पटेल ने ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अनिल चौहान ने कमेंट्री की। इस अवसर पर मनोज यादव, अंकित यादव, बल्लू यादव, दिग्विजय यादव, ऋतुरंजय यादव, सनोज, मनोज, शिशु उपस्थित रहे।