जिले में 29 नवंबर को निकाय चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। जिला प्रशासन ने स्थानीय निकाय चुनाव कराने की सभी तैयारी पूरी होने का दावा किया है। जिला प्रशासन का कहना है कि जनपद में नगर पालिका और पंचायतों के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न होंगे।
जिले में एक नगरपालिका मऊनाथ भंजन के साथ ही नौ नगर पंचायतें हैं। इनमें घोसी, कोपागंज, अदरी, दोहरीघाट, अमिला, मधुबन, मुहम्मदाबाद गोहना, वलीदपुर, चिरैयाकोट शामिल हैं। सभी में चुनाव 29 नवंबर को तीसरे चरण में होंगे। जिले में कुल निकायों की संख्या दस हैं। एवं 133 मतदान केंद्रों पर 380118 मतदाता वोट डालेंगे।
मतदान स्थलों की संख्या मतदाताओं की सुविधा के अनुसार 463 निर्धारित की गई है। सभी निकायों में पुरुष मतदाताओं की संख्या 198672 है जब कि महिला मतदाताओं की संख्या 181446 है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की संभावित अधिसूचना जारी होने के बाद सभी नगर पंचायतों एवं नगरपालिका में एक बार चुनाव की हलचल तेज हो गई। संभावित प्रत्याशियों के मोबाइल फोन घनघनाने लगे। हर कोई अपने समर्थकों को एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में लगने के लिए जोश भरता दिखाई दिया। सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) कैलाश यादव का कहना है कि राज्य निर्वाचन आयोग ने मऊ में तीसरे चरण में चुनाव कराने की मंशा जताई है। चुनाव की सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है।