घोसी नगर के कस्बा खास पश्चिमी मोहल्ले में घरों में घुसा पानी।संवाद
मऊ। घोसी नगर के कस्बा पश्चिमी मोहल्ले के वार्ड नंबर एक के घरों में शुक्रवार की रात बारिश के बाद पानी घुस गया। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से लोग शनिवार को दिनभर परेशान रहे। मोहल्ला निवासी प्रकाश सोनकर ने बताया कि बारिश के बाद घर के आसपास पानी जमा हो गया और पानी घर के अंदर तक पहुंच गया।
हर बार बारिश के दौरान इसी तरह की समस्या उत्पन्न होती है। इसके बावजूद जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं कराई जा रही है। अर्जुन सोनकर, मुलायम सोनकर, भागवत सोनकर, महावीर सोनकर, खिलाड़ी सोनकर, बलजीत सोनकर, बदरी सोनकर और संता सोनकर ने बताया कि जलभराव की समस्या से मोहल्ले के लोगों को परेशानी होती है। गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ जाता है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से नालियों की सफाई कराने तथा पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि वार्ड में जलभराव की जानकारी मिली है। कर्मचारियों को भेजकर पानी की निकासी कराई जाएगी। नाली और नालों की स्थिति की भी जांच कराई जाएगी। जहां जल निकासी में समस्या है, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घोसी नगर के कस्बा खास पश्चिमी मोहल्ले में घरों में घुसा पानी।संवाद