कोपागंज (मऊ)। जिले में बारिश शुरू हो चुकी है, लेकिन जिले की कई निकायों में अभी तक नालों की सफाई शुरू नहीं कराई गई है। ऐसे ही एक निकाय में नगर पंचायत कोपागंज भी है। अब तक नगर के बड़े 18 नालों की सफाई कार्य केे लेकर प्रयास तक शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में नगर के वार्डों में बारिश से जलभराव की स्थिति से लोगों को जूझना पड़ता है। मौजूदा हालात को देखते हुए कई लोगों का कहना है कि पंचायत की सुस्ती के चलते बारिश से पहले नालों की सफाई होना संभव नहीं दिख रहा है।
कोपागंज में हर वर्ष नगर पंचायत द्वारा इन नालों की सफाई मानसून सत्र से पूर्व की जाती है। नगर पंचायत द्वारा इसके लिए करीब 36 लाख रुपये की राशि से टेंडर कर इनकी सफाई होती है। इस माह में महज अब नौ दिन शेष रह गए है, बारिश का मौसम शुरू हो चुका है। हालात यह है कि नगर क्षेत्र के खटिक बस्ती, सदर चौक , भरत मिलाप आदि जगहों पर स्थित नालों की सफाई न होने से बारिश के बाद नालों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता है।समस्या को लेकर दोस्तपुरा निवासी संजय गुप्ता, चंदनपुरा निवासी राजू वर्मा, प्रदीप गुप्ता तथा जुम्मनपुरा निवासी राशिद अहमद का कहना है कि नगर पंचायत के जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते सड़कों पर नालों का गंदा पानी बह रहा है। शिकायत करने के बाद भी इस संबंध में जिम्मेदारों द्वारा इसको दूर करने की कवायद नहीं की जा रही है।
कोपागंज नगर पंचायत के ईओ जयप्रकाश यादव ने बताया कि वार्डों में बने बड़े नालों की सफाई को लेकर टेंडर किया जा चुका है, जल्द ही नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।