मऊ। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रयास किए जा रहे है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम एस नबियाल के नेतृत्व में मंडल चिकित्सालय की टीम की ओर से वाराणसी मंडल के फेफना, इंदारा, मऊ, दुल्लहपुर एवं सादात में वैक्सीनेशन स्पेशल ट्रेन चलाई गई । इन ट्रेनों में रेलकर्मियों और उनके परिजनों को टीका लगाया गया।
वैक्सीनेशन स्पेशल चलाकर उक्त रेल खंड एवं स्टेशनों पर कार्यरत लाइन एवं परिचालन से जुड़े कर्मचारियों तथा उनके परिजनों को उनके कार्यस्थल पर ही टीकाकरण कराया गया। वैक्सीनेशन स्पेशल ट्रेन में स्थापित मोबाइल ओपीडी में 100 से ज्यादा लाइन कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का कोविड-19 टीकाकरण किया गया। कोविड वैक्सीनेशन स्पेशल ट्रेन के माध्यम से चलाए गए टीकाकरण अभियान में डॉ. आशीष कुमार गुप्ता सहायक मंडल चिकित्साधिकारी, चंद्रकला सिंह मुख्य नर्सिंग अधीक्षक, मेरी राजन जार्ज मुख्य नर्सिंग अधीक्षक, पवन नाथ सिंह यादव नर्सिंग अधीक्षक आदि शामिल रहे।