मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में परीक्षा केंद्रों में तैनात होने वाले कक्ष निरीक्षकों को ऑनलाइन पहचान पत्र जारी होगा। पहली बार कक्ष निरीक्षकों के पहचान पत्र पर क्यूआर कोड तथा क्रमांक अंकित होगा। कक्ष निरीक्षकों के लिए बनने वाले आई कार्ड का प्रारूप यूपी बोर्ड मुख्यालय जारी करेगा। जारी प्रारूप पर ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से कक्ष निरीक्षकों के पहचान पत्र जारी होंगे। जिले में 115 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में 84284 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षाएं 22 फरवरी से आरंभ होंगी। जिले में 115 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल में 43066, इंटरमीडिएट में 41268 सहित 84284 परीक्षार्थी शामिल होंगे। यूपी बोर्ड ने परीक्षाओं को नकल विहीन बनाने के लिए इस बार कक्ष निरीक्षकों को जारी होने वाले पहचान पत्र के प्रारूप में बड़ा बदलाव किया है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन संपन्न कराने की कवायद तेज हो गई है। इसके चलते ही यूपी बोर्ड की तरफ से पहली बार कक्ष निरीक्षकों के पहचान पत्र पर क्यूआरकोड और क्रमांक नंबर अंकित किया जाएगा। इसके लिए यूपी बोर्ड पहचान पत्र का प्रारूप भी जारी करेगा। इसके तहत बोर्ड के पोर्टल से अब डीआईओएस पहचान पत्र का प्रारूप डाउनलोड करेंगे।
प्रारूप पर आवंटित परीक्षा केंद्रों का विवरण अंकित कर संबंधित कक्ष निरीक्षकों को पहचान पत्र परीक्षा से एक सप्ताह पहले दिया जाएगा। परीक्षा ड्यूटी के लिए इसी प्रारूप पर कक्ष निरीक्षकों का पहचान पत्र बनाया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षण एवं परीक्षा संबंधी अन्य कार्यों के लिए शिक्षक, प्रधानाचार्य एवं अन्य कार्मिकों की ड्यूटी जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से लगाई जाएगी। इसके लिए डीआईओएस परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगे। परीक्षा केंद्रों के प्रति कक्ष में 40 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षकाें की तैनाती होगी।
बोर्ड परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराना पहली प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्रों में तैनात होने वाले कक्ष निरीक्षकों को आनलाइन पहचान पत्र जारी होगा। कक्ष निरीक्षकों के पहचान पत्र पर क्यूआर कोड अंकित होगा।
- देवेंद्र कुमार गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक