कोपागंज। शासन द्वारा आशा बहुओं को एक निश्चित मानदेय नहीं दिये जाने से खिन्न ब्लाक की सभी आशा बहुओं ने सी एच सी के मेन गेट पर अनिश्चित कालीन धरना दिया। शुक्रवार को सभी ने शासन प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए चेताया की जब तक प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय के रूप में उन्हें 18 हजार रूपये प्रतिमाह नहीं दिया जाएगा तब तक अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन चलता रहेगा ।
धरने को संबोधित करते हुए ब्लाक अध्यक्ष जय माला सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के आते ही प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अप्रैल माह में आशा बहुओं को प्रतिमाह एक अच्छा वेतनमान दिए जाने का वादा किया गया था । लेकिन घोषणा के कई माह बीत जाने के बाद भी मुख्यमंत्री द्वारा आशा बहुओं के निमित्त वेतन के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया । ब्लॉक उपाध्यक्ष बीना राय ने कहा कि अगर प्रदेश सरकार द्वारा सभी आशा बहुओं को मानदेय के रूप में प्रतिमाह 18 हजार रूपये वेतन दिए जाने की घोषणा नहीं की गई तो तब तक सभी आशा बहू अपना काम धाम छोड़ उच्च सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट के सामने ऐसे ही अनिश्चितकालीन धरना देते रहेंगी । बता दे की उच्च सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज से जुड़ी ब्लॉक में कुल 190 आशा बहुए तैनात हैं। धरने को चिंता तिवारी, प्रभा, फूलकुमारी, प्रमिला, सीमा, सुनीता राया, प्रतिभा, रेनू आदि ने सम्बोधित किया । इस दौरान संगीता यादव, इंदु देवी, गीता, चंदा, शीला, कौशल्या आदि उपस्थित रहे।
बढुआ गोदाम संवाददाता के अनुसार आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका ऐसोसिएशन के तरफ से परदहा ब्लाक पर शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओ ने धरना-प्रदर्शन किया गया। बढ़ुआ गोदाम संवाददाता के अनुसार आशा बहुओं ने ब्लाक परिसर में सरकार विरोधी नारेबाजी की। ब्लाक अध्यक्ष हेमा देवी ने कहा कि जब तक सरकार हमारी मांगो को मान नहीं लेती तब हमरा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन चलता रहेगा। धरने में प्रतिमा सिंह, माधुरी सिंह, किरन राय, आरती गुप्ता, पूनम देवी, सुमन देवी, सुभावती देवी, मीना देवी, गीता, संजू आदि शामिल रही ।