कलेक्ट्रेट पर बढुआ गोदाम-भदसा मानोपुर फोरलेन निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन देने के दौरान प्र
मऊ। हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बढुआ गोदाम से लेकर भदसा मानोपुर तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क के चौड़ीकरण की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का अंतिम बजट शीघ्र स्वीकृत कराकर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि बढुआ गोदाम से भदसा मानोपुर तक का मार्ग मऊ की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में से एक है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग यात्रा करते हैं। यातायात दबाव के कारण इस मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति रहती है। कई बार आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं। उन्होंने कहा कि फोरलेन निर्माण केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि जनपद के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास का मजबूत आधार है। इसके बनने से यातायात सुगम होगा और व्यापार को नई दिशा मिलेगी।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एडवोकेट रामकृष्ण भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार इस प्रस्तावित परियोजना के लिए अंतिम बजट तत्काल स्वीकृत करे, टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए और निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
बेहतर सड़क व्यवस्था पाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। ज्ञापन सौंपने के दौरान रवि गुप्ता, वीरेंद्र पासवान, आर्यन सिंह योगेंद्र प्रजापति, आकाश ठाकुर, विजय गुप्ता, मनीष चौहान, डॉ. आनंद राव, संजीव सिंह, कैलाश वर्मा, सतीश मद्धेशिया आदि उपस्थित रहे।