मऊ। सचिन मौर्य अपहरण मामले में शनिवार को अभियोजन का साक्ष्य पूरा हो जाने के बाद एडीजे ने मामले में आरोपियों का बयान दर्ज करने के लिए 5 नवंबर की तिथि नियत की। मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बुढ़ावे का है। अभियोजन के अनुसार विनोद कुमार मौर्य का पुत्र सचिन मौर्य 27 सितंबर 2017 को बुढ़ावे साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान हत्या करने की नीयत से साजिश कर उसका अपहरण कर लिया गया।
इसमें बुढ़ावे गांव निवासी सूबेदार यादव, चंद्रबली यादव, थाना कोतवाली नगर के भीटी तिराहा निवासी ओमप्रकाश यादव, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के कुसुमापुर अलीनगर निवासी बृजभूषण यादव और भीटी निवासी निवासी रवि प्रकाश साहनी के विरुद्ध पुलिस ने जांच कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश बाकर शमीम रिजवी की अदालत में अभियोजन की ओर से 27 गवाहों के बयान दर्ज हुए। अभियोजन का साक्ष्य पूरा हो जाने पर मामले में आरोपियों का बयान दर्ज करने के लिए पांच नवंबर की तिथि नियत किया है।
ये है मामला
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बुढ़ावे गांव के पास से 27 सितंबर 2017 को साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहे सचिन मौर्य का हत्या करने के उद्देश्य से अपहरण किया गया। सचिन के पिता विनोद मौर्य की तहरीर पर सरायलखंसी थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ। मामले में सचिन के नहीं मिलने पर उसके पिता ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। सर्वोच्च न्यायालय ने काफी समय व्यतीत जाने के बाद अभियोजन की गवाही शुरू न होने पर मामले का संज्ञान लेते हुए 2023 से जिले में नियुक्त तीन पुलिस अधीक्षकों के विरुद्ध विभागीय जांच का आदेश दिया था। साथ ही मामले का शीघ्रता से निस्तारण का निर्देश दिया।