नियामूपुर हसनपुर में जनवादी पार्टी की महाराजा पृथ्वीराज चौहान जन स्वाभिमान रैली में मौजूद लोगों की भीड़।
- फोटो : mau
नियामुपुर हसनपुर में गुरुवार को आयोजित पृथ्वीराज चौहान जन स्वाभिमान रैली को संबोधित करने पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आई तो सम्राट पृथ्वीराज चौहान का भव्य स्मारक बनाया जाएगा। कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल का दो साल बीत गया लेकिन वह चौहानों के अस्तित्व में बदलाव नहीं कर सकी। जबकि यादव के बाद चौहान की बहुलता है। समाजवादी वादा निभाने में विश्वास करती है और वह पृथ्वी राज चौहान का सम्मान बढ़ाकर दिखाएगी।
उन्होंने कहा कि आज भी कन्नौज में सम्राट पृथ्वीराज का सम्मान का धोतक संयोगिता मार्ग है, इसी रास्ते से चलकर पृथ्वी राज चौहान दिल्ली पहुंचे थे, मौका मिला तो समाजवादी लोग पृथ्वीराज चौहान का भव्य स्मारक बनाने का काम करेंगे। भाजपा की तरह नहीं की लिबर्टी आफ स्टेच्यू बनाने के लिए गरीब भाईयों के घर से लोहा एकत्र करने के बाद चीन के लोहे से उसका निर्माण कर दिया। हम समाजवादी पृथ्वी राज चौहान का ऐसा स्मारक बनाएंगे, जिससे उनका सम्मान तो बढ़ेगा साथ ही नौजवानों को रोजगार भी मिलेगा। कहा कि रोजगार बढाने के लिए ही हमने पूर्वांचल एक्सप्रेस के किनारे मंडियों के निर्माण का प्रावधान किया था। जहां पर किसानों के उत्पादित अनाजों, सब्जियों और फलों की बिक्री होती, इससे लाखों लोगों को रोजगार भी मिलता। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे रोकवा दिया। उन्होंने जनवादी पार्टी सोश्लिस्ट के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान की सराहना की।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में भाजपा की ताकत बढ़ाने वाले चौहान समाज की उपेक्षा सरकार कर रही है। एक को मंत्री भी बनाया तो जानवर पकड़ने वाले विभाग का। बिना नाम लिए ही ओमप्रकाश राजभर की सराहना किया, बोले सरकार और सीएम का सच बोलने वाले मंत्री को चाहकर भी सत्ता से बाहर नहीं कर सकतें। कहा कि गांव-गांव से गरीबों से सरदार पटेल की प्रतिमा बनाने के लिए भाजपा ने लोहा एकत्र किया और मूर्ति बनवा दी चीन के लोहे से।
बोले जनवादी पार्टी के सहयोग से चौहान समाज की ताकत लेकर सपा भाजपा को सबक सिखाने का काम करेंगी। राफेल पर बोले कि राफेल से ज्यादा जरूरी है कि नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराना। बोले, विस चुनावों के परिणाम बता रहे हैं कि अब जनता भाजपा को पसंद नहीं कर रही है। 15 लाख खाते में आने का इंतजार कर थक चुकी जनता अब चुनाव के तारीख का इंतजार करने लगी है। इस दौरान जनवादी पार्टी के प्रदेश सचिव राजकुमार चौहान, जिलाध्यक्ष कृष्णचंद्र चौहान, राजेश चौहान सहित पूर्वांचल के सभी जिलों के नेता रहे।