चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर कर्मी गांव के निकट 14 दिसंबर को एसबीआई के कैश वैन से चालक एवं गार्ड को गोली मारकर 30 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने घटना के मुखबिर को बुधवार की रात औसतपुर गांव के निकट से गिरफ्तार किया।
लूट के रुपये में मिले हिस्से के दो लाख 90 हजार रुपये भी पुलिस ने बरामद किया। घटना को अंजाम देने वाला अपराधी अंबेडकरनगर निवासी मनोज लाला के गैंग का है। इसका खुलासा गुरवार को एसपी ने किया।
पुलिस के अनुसार 14 दिसंबर को चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के कर्मी गांव के निकट हुई एसबीआई के कैश की लूट के मामले में पुलिस ने मुखबिर को बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी अनूप गुप्ता पुत्र मोहन गुप्ता निवासी रतनपुरा थाना हलधरपुर के पास से पुलिस ने लूट के दो लाख 90 हजार बरामद किया।
बताया कि अनूप गुप्ता की दोस्ती अंबेडकरनगर निवासी कुख्यात अपराधी मनोल लाला से आजमगढ़ जेल में हुई थी। इस घटना को मनोज लाला के गैंग ने अंजाम दिया। बताया कि अनूप गुप्ता ने इस मामले में चिरैयाकोट से मुहम्मदाबाद गोहना के रास्ते सहित भागने कई रास्तों से मनोज लाला को अवगत कराया और यह भी जानकारी दी कि इसी रास्ते से कैश आता जाता रहता है।
काफी जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने मुखबिर को बुधवार की रात दबोच लिया। बताया कि मनोज लाला ने उसे हिस्से के रूप में तीन लाख रूपया दिया था। इसमें से दस हजार रूपया उससे खर्च हो गया था जब कि शेष पैसा रखा था।
यह भी बताया कि मनोज लाला ने इस घटना को अंजाम देने के लिए स्थानीय जिले के ही अपने साथियों को लगाया था लेकिन वह उन्हें नहीं पहचानता है। घटना के खुलासे में चिरैयाकोट थानाध्यक्ष संदीप सिंह, स्वाट टीम को पुलिस अधीक्षक शिवप्रसाद उपाध्याय ने पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की।