नवागत पुलिस अधीक्षक विजय यादव ने गुरुवार को जिले का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव और त्योहारों को शांतिपूर्ण कराना ही अपनी प्राथमिकता बताया।
पत्रकार वार्ता में कहा कि जिले में त्योहारों की संवेदनशीलता को देखते हुए उनका प्रयास रहेगा कि सौहार्द के साथ लोग एक दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। किसी प्रकार के माहौल खराब होने की दशा में तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। त्योहार में व्यवधान डालने वाले कत्तई बख्शे नहीं जाएंगे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने को लेकर कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर यहां पहले ही कार्रवाई हो चुकी है। चुनाव में आपराधिक प्रवृत्ति वालों पर विशेष नजर रहेगी। जेल में बंद अपराधी अगर किसी प्रकार से चुनाव में दखल अंदाजी कर अपना दबाव बनाने का प्रयास करते हैँ तो खैर नहीं।
थानाध्यक्ष एवं पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जाएंगे। तत्काल कार्रवाई को कहा जाएगा। पुलिस अधीक्षक विजय यादव वर्ष 2000 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इसके पूर्व वह बरेली में पीएसी कमांडेंट के पद पर थे। मूल रूप से वाराणसी जनपद के रहने वाले पुलिस अधीक्षक इसके पूर्व एएसपी आजमगढ, सीओ के पद पर बाराबंकी, लखनऊ, लखीमपुर में कार्य कर चुके हैं।