त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के महामुकाबले के लिए नामांकन सोमवार को तीन ब्लाकों में शुरू हो गया। प्रशासन की तरफ की गई व्यवस्था सभी ब्लाकों पर भीड़ उमड़ने के चलते नाकाफी दिखी। प्रत्याशी एक ही लाइन में सुबह से शाम तक खड़े दिखे। नामांकन की प्रक्रिया धीमी होने एवं टेबलों की उपलब्धता कम होने के चलते कई ब्लाकों में देर शाम तक प्रत्याशियों की लाइन लगी रही।
जिले के नौ ब्लाकों में प्रधान पद और ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव होना है। प्रथम चरण में कोपागंज, रतनपुरा एवं परदहां ब्लाक प्रस्तावित हैं। सभी ब्लाकों में ग्राम प्रधान पद एवं सदस्य पद के नामांकन के लिए टेबलवार व्यवस्था की गई है। न्यायवार टेबल लगाए गए हैं।
एक न्याय पंचायत में एक ही टेबल पर ग्राम प्रधान पद एवं सदस्य पद का नामांकन होने के चलते भीड़ इस कदर उमड़ रही है कि प्रत्याशी सुबह से शाम तक लाइन में खड़े ही रह जाए रहे हैं। हर ग्राम पंचायतों में सदस्य पदों की संख्या दस से लेकर 15 तक है।
इसके चलते एक प्रधान पद एवं अधिक संख्या सदस्य पदों की होने के चलते प्रत्याशियों की भीड़ बढ़ जा रही है। प्रशासन ने न्याय पंचायतवार ही एआरओ भी नियुक्त किया है जो ग्राम प्रधान एवं सदस्य दोनों का नामांकन कराएंगे।
लेकिन एक न्याय पंचायत में एक ही टेबलों पर दोनों पदों के प्रत्याशियों के नामांकन के चलते सभी को परेशानी उठानी पड़ रही है।
सोमवार को सभी ब्लाकों में इस प्रकार की दुर्व्यवस्था देखी गई तो कई प्रत्याशी खिन्न नजर आए। प्रत्याशियों के साथ आए उनके समर्थक से लेकर प्रस्तावक भी ज्यादा भीड़ होने के चलते लाइनों में खड़े होकर इंतजार में लगे रहे। रतनपुरा ब्लाक में तो छह बजे के बाद भी नामांकन की प्रक्रिया शुरू रही।
प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों का कहना है कि महज दो दिन के लिए नामांकन की प्रक्रिया का समय होने के चलते आखिरी दिन काफी भीड़ होने से कुछ प्रत्याशी नामांकन से वंचित भी हो सकते हैं।
इस संबंध मे उप जिला निर्वाचन अधिकारी गिरिजेश त्यागी का कहना है कि किसी को भी नामांकन प्रक्रिया से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। न्याय पंचायतवार टेबल लगाने की व्यवस्था निर्वाचन आयोग के निर्देश पर की गई है। कहीं किसी प्रकार की दुर्व्यवस्था की सूचना नहीं है। रतनपुरा ब्लाक में ज्यादा भीड़ के चलते कुछ विलंब हुआ।