त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान पद के लिए प्रथम चरण के नामांकन के पहले दिन कोपागंज, परदहां और रतनपुरा बलाक में काफी गहमागहमी रही। प्रत्याशी अपने समर्थकों व लावलश्कर के साथ आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए ब्लाक पर पहुंचे। महिला प्रत्याशी भी नामांकन करने पहुंची।
नामांकन के लिए दिनभर ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य प्रत्याशियों की लंबी कतार लगी रहीं। पहले दिन तीनों ब्लाकों में ग्राम प्रधान पद के लिए 987 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा हर ब्लाक में सदस्य पदों के लिए नामांकन करने वालों की संख्या सैकड़ों में रही। देर रात तक नामांकन पत्रों की गिनती भी होती रही।
परदहां संवाददाता के अनुसार सोमवार को 28 नवंबर प्रथम चरण मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। नामांकन के लिए बनाए गए कुल आठ काउंटरों पर ब्लाक क्षेत्र के 51 गांवों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे रहे थे।
सुरक्षा के मद्देनजर ब्लाक मुख्यालय से लगभग दो सौ मीटर पहले ही पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी।इस दौरान भारी संख्या में पुलिसकर्मी व पीएसी बल तैनात रहा । एडीओ पंचायत अवधेश सिंह ने बताया कि पहले दिन नामांकन की भीड़ देखते हुए मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत रहेगी।
किसी भी प्रकार गड़बड़ी न हो इसके लिए सारी तैयारी पहले से ही कर ली गई है। परदहां ब्लाक में कुल 51 ग्राम प्रधान पदों के लिए पहले दिन 377 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
वहीं 667 सदस्य पदों के लिए सैकड़ों लोगों ने नामांकन दाखिल किया। कोपागंज ब्लाक में 81 ग्राम प्रधान पदों के लिए 356 प्रत्याशियों एवं 1049 सदस्य पद के लिए सैकड़ों ने नामांकन दाखिल किया। रतनपुरा ब्लाक के 77 पदों के लिए 249 प्रत्याशियों एवं 971 सदस्य पद के लिए सैकड़ों ने नामांकन दाखिल किया।