मऊ। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही फलों के दामों में वृद्धि हो रही है। कोरोना से बचाव के लिए विटामिन सी वाले फलों की मांग बढ़ गई है। इसके चलते इनकी कीमतों में वृद्धि होती जा रही है।
जिले में छह हजार 88 संक्रमित मरीजों में 1533 मरीजों का उपचार वर्तमान में होम आइसोलेशन में किया जा रहा है। चिकित्सक इन मरीजों के परिजनों को दवाओं के साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले फलों का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं जिससे विटामिन सी की प्रचूर मात्रा वाले फलों की बिक्री बढ़ गई है। वर्तमान में किवी, संतरा, अंगूर, सेव, मौसमी जैसे विटामिन-सी वाले फलों को खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। उधर, इस मांग को देखते हुए इन फलों की दाम एक माह में दोगुनी वृद्धि हो गई है।
एक माह पहले जहां अंगूर का दाम 40 से 60 रुपये था, अब यह 120 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। वहीं 25 रुपये पीस मिलने वाला किवी अब 50 रुपये पीस की दर से बिक रहा है। वहीं सेब 120 से बढ़कर 250, अनार 120 से बढ़कर 150 और मौसमी 60 से बढ़कर 80 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है।