मुकद्दस रमजान की शुरूआत जुमे के दिन से शुरू होने के नाते इसकी अहमियत और भी बढ़ गई। जुमे की नमाज की अहमियत पहले भी थी लेकिन रमजान में जुमे की नमाज का मुकाम और भी ऊंचा हो जाता है।
इस नजरिए से देखा जाए तो सभी इस नमाज में शामिल होना चाहते रहे, जिसकी वजह से नगर क्षेत्र की सभी मस्जिदें नमाजियों से खचाखच भरी रहीं। जनपद की 141 मजिस्दों व ईदगाह में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की।
मस्जिद में जगह पाने के लिए लोग समय से पहले ही घर से मस्जिदों की तरफ निकल पड़े। काफी गर्मी होने के बावजूद रोजेदारों में नमाज अदा किए जाने को लेकर काफी जज्बा दिखा।
जिसकी वजह से बच्चे, बूढ़े, नौजवानों से नगर क्षेत्र की सभी मस्जिदें खचाखच भरी हुईं थी। माहे रमजान का पहला दिन जुमा से शुरू होने से रोजेदारों में काफी खुशी का माहौल रहा।
सुबह से ही बच्चे, बूढ़े, नौजवान सभी जुमे की नमाज की तैयारी में जुटे रहे। नहाने के बाद इत्र लगाकर नमाज के लिए बच्चे अपने वालिद के साथ मस्जिद में पहुंच गए थे।
नमाज शुरू होने से पहले चार रकाअत सुन्नत पढ़ी। खुतबा सुना और फिर दो रकाअत जुमे की नमाज जमात के साथ सभी ने पढ़ा। नमाज के बाद चार रकाअत सुन्नत पढ़ नमाज पूरी किया। शिद्दत की गर्मी होने के बावजूद रोजेदारों के चेहरे पर नूर झलक रहा था। इबादत के आगे शिद्दत की गर्मी का असर भी फीका दिखाई दी।