मझवारा। घोसी ब्लाक क्षेत्र के सेमरीजमालपुर विद्युत उपकेंद्र के लखनी फीडर से संबद्ध मलेरी कोट गांव के पास पोल टूटने से 12 गांवों में 30 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप है। आपूर्ति बाधित रहने से जहां रोपाई कार्य बाधित है। वहीं गर्मी से एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। परेशान ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन विद्युत आपूर्ति को बहाल नहीं किया जा सका है। परेशान उपभोक्ताओं ने आंदोलन तेज करने का अल्टीमेटम दिया है।
सेमरीजमालपुर विद्युत उपकेंद्र के लखनी फीडर से मझवारा, पवनी, सेमरी, लखनी, बैैरासी, मलेरीकोट, वृदावन, खैरामुहम्मदपुर सहित एक दर्जन गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। विद्युत उपकेंद्र के लखनी फीडर से संबद्ध मलेरी कोट गांव के पास शुक्रवार की सुबह जर्जर विद्युत पोल टूट गया। इसके चलते दर्जन गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। शिकायत के बाद भी दूसरे दिन टूटा पोल बदलने की जहमत तक नहीं उठाई गई। लगातार 30 घंटे से बिजली गुल रहने से किसानों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। धान के रोपाई के पीक आवर में बिजली गुल रहने से जहां रोपाई ठप रही। गर्मी व उमस से लोग बेहाल रहे। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत उपकेंद्र मेें आए दिन तकनीकी खामी आने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था दयनीय होती जा रही है। एलटी लाइन में फाल्ट और तार टूटने से कई दिन तक विद्युत आपूर्ति ठप हो जा रही है। हालत यह है कि अभी तक रोपाई शुरू नहीं हो पाई है। नलकूप शो पीस बनकर रह गए हैं। आला अधिकारियों को अवगत कराए जाने बावजूद मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। समस्या का अविलंब समाधान नहीं किया गया तो हम लोग विद्युत उपकेंद्र पर तालाबंदी करने को विवश हो जाएंगे। इस बाबत विद्युत उपकेंद्र सेमरीजमालपुर के अवर अभियंता कौशल किशोर का कहना है कि शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।