समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को साइकल रैली निकालकर प्रदेश सरकार तथा पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार किया। साथ ही 2017 मिशन के लिए कार्यकर्ताओं को जी जान से जुट जाने का आह्वान किया।
रैली क्षेत्र के कुसुम्हा, शाहपुर, बिहटा, मुहम्मदपुर, झोंटपुर, बरईपार, रंद्रपुर, उसरी, रामपुर, भटमीला, जमालपुर सहित विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया।
रैली में शामिल पदाधिकारियों ने जगह-जगह नुक्कड़ सभा कर सपा सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। 2017 के मिशन में उत्साह के साथ काम करने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही विकास पुस्तिका का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के प्रभारी एवं युवजन सभा के प्रदेश सचिव महेंद्र पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने कार्यों को लेकर जनता के बीच में जाएगी और उनकी समीक्षा कर और बेहतर कार्य करने का प्रयास करेगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष मुन्ना यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से सभी वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है।
युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने युवाओं के कंधों पर अधिक जिम्मेदारी सौंपी है। गांव-गांव में चौपाल, साइकल रैली के माध्यम से यूथ सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाएगा। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को फिर पूर्ण बहुमत मिलेगी।