पुलिस लाइन सभागार में रविवार को क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। क्राइम मीटिंग में पुलिस अधीक्षक शिवप्रसाद उपाध्याय ने पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव को संपन्न कराने का निर्देश दिया।
कहा कि सभी थानाध्यक्ष यह तय कर लें कि किस प्रकार शांतिपूर्ण ढंग से मतदान होगा। इसकी पूरी तैयारी कर अपनी चक्रव्यूह तैयार कर लें। ताकि किसी भी हाल में मतदान के दिन किसी भी प्रकार की अराजकता न फैल पाए। अगर किंही कारणों से कहीं गड़बड़ी हुई तो इसके लिए जिम्मेदार थानाध्यक्ष होंगे।
पुलिए अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों से उनके क्षेत्रों में होने वाले अपराध की समीक्षा की। चोरियों पर कैसे नकेल लगेगी उसके लिए भी गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि गश्त की रैंडम चेकिंग की जाएगी। गश्त में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
सभी थानाध्यक्षों को लंबित विवेचनाओं को भी अतिशीघ्र निस्तारित करने का निर्देेश दिया। कहा कि ऐसी विवेचना जो कई महीनों से लंबित हैं उनका निस्तारण करें। थानों एवं पुलिस अधीक्षक के यहां पड़ने वाली शिकायतों का भी निस्तारण निष्पक्षता से करने के लिए उन्होंने निर्देश दिया।
कहा कि जो भी शिकायतें आए उनका निस्तारण हो और जनता में कानून का राज स्थापित करने के लिए पुलिस कार्य करें। पंचायत चुनाव में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए निर्वाचन आयोग का भी सख्त निर्देश है।
गश्त के दौरान शराब की बिक्री पर भी रोक लगाने के लिए प्रयास करें। जहां कहीं भी कारोबारी हो उनकी धर पकड़ करें। चोरी की घटनाओं के खुलासा न होने पर उन्होंने कई थानाध्यक्षों को फटकार भी लगाई। क्राइम मीटिंग में एएसपी सुनील कुमार सिंह, सीओ सिटी सुनील कुमार, आनंद सिंह, वंशीधर मिश्रा आदि उपस्थित रहे।