दोहरीघाट (मऊ)। थाना क्षेत्र के रामनगर पुलिस बूथ के पास से दो मोटरसाइकिलों से जा रहे चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने शुक्रवार को रोका। वे युवक मोटरसाइकिलों के कागजात मांगने पर नहीं दिखा सके। पुलिस ने जब उनसे कड़ाई से पूछताछ किया तो पता चला कि वे वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की कुल पांच मोटर साइकिलें अलग अलग स्थानों से बरामद किया। चोरी की बरामद की गई पांच बाइकों में तीन शहर कोतवाली क्षेत्र से चुराई गई हैं।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार घुले के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह अपने सहयोगियों के साथ रामनगर पुलिस बूथ के पास सघन वाहन चेकिंग कर रहे थे उसी समय दो मोटरसाइकिल पर चार युवक आए। पुलिस ने उन्हें रोककर बाइकों के कागजात मांगे तो वे नहीं दिखा सके। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ किया तो पता चला कि वे दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ किया तो उनके कब्जे से तीन और बाइकें यानी कुल पांच बाइकें चोरी की बरामद हुईं।
पुलिस ने इस वाहन चोर गिरोह में शामिल चारों चोरो को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए वाहन चोर प्रिंस कुमार गुप्ता, निवासी कप्तानगंज आजमगढ़, अमित कुमार पासवान निवासी करखिया रुस्तमपुर सराय थाना रौनापार आजमगढ़, रवि मौर्य निवासी ग्राम सुंदर सराय थाना जीयनपुर आजमगढ़ तथा जय हिंद चौहान निवासी ग्राम जटाव मारवाड़ी थाना जीयनपुर आजमगढ़ हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों चोर अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। वाहन चोर गिरोह के सदस्य जनपद के अलग अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चुरा कर आस पास के जिलों में बेंच देते थे। एसओ ने बताया कि इनके कब्जे से बरामद बाइकों के स्वामियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने चारों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर अदालत में चालान कर दिया।