मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के मझावारा मार्ग पर शुक्रवार की शाम साढे छह बजे के करीब बेकाबू पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार तीन लोग घायल हुए। घायलों को जब तक उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई, एक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया। तीसरे की हालत देख देख डाक्टरों ने उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर किया।
मधुबन थाना क्षेत्र के सौदी गांव निवासी रविंद्र (45) अपने मित्र चुन्नू (40) तथा वीरबहादुर (41) के साथ बाइक से घोसी बाजार किसी काम से आया था। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। देर शाम को तीनों घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। जैसे ही बाइक बढुआ गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही पिकअप ने बाइक को धक्का मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों गंभीररुप से घायल हुए। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाने की व्यवस्था करने लगी।
इस बीच रविंद्र की मौत हो गई। इस बीच लोगों ने अन्य घायलों को अस्पताल भेज दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चुन्नू ने दम तोड़ दिया। जबकि वीर बहादुर की हालत काफी गंभीर रही। डाक्टरों ने घायल वीरबहादुर का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में मृत और घायलों की शिनाख्त होने पर पुलिस ने उनके परिवारीजन को घटना की सूचना दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजने की व्यवस्था कर रही थी।