नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक से मांगी थी दो लाख की रंगदारी
अमर उजाला ब्यूरो
मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक से दो लाख की रंगदारी मांगने वाले वाले आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को धर दबोचा। रंगदारी के लिए पुलिस के जाल में फंसे आरोपी को पुलिस ने रोडवेज के समीप से गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी चिरैयाकोट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि जिस मोबाइल से रंगदारी मांगी गई थी उस नंबर के आधार पर ही आरोपी पकड़ा गया है।
नगर के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक के मोबाइल पर एक बदमाश ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी ना देने पर बदमाश ने अंजाम बुरा होने की धमकी दी थी। इसकी शिकायत चिकित्सक ने गोपनीय ढंग से पुलिस से की थी।
पुलिस धमकी वाले नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश करती रही। पुलिस उसके मोबाइल नंबर के आधार पर ही मऊ आने पर मंगलवार को रोडवेज के समीप से दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी बालचन्द गौतम पुत्र लक्ष्मीटराम निवासी हाफिजपुर थाना चिरैयाकोट के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।