मऊ। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 2 पर आईसोलेशन कोच में रखे गए संदिग्ध मरीजों में छह के गुरुवार को पॉजीटिव निकलने के बाद काफी सर्तकता बरती जा रही है। स्थानीय रेलवे प्रशासन द्वारा हर आठ-आठ घंटे पर प्लेटफार्म 2 को सैनिटाइज किया जा रहा है। जबकि नगर पालिका द्वारा रेलवे कोच को तीन शिफ्टों में सैनिटाइज कर रहे हैं।
नगर पालिका के सफाई निरीक्षक नरेश कुमार तथा सत्यप्रकाश ने बताया कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़े कोविड आईसोलेशन कोच की भीतर से प्रतिदिन सैनिटाइज किया जाता है। बोले कि इसके लिए एक पर्यवेक्षक तथा तीन सफाई कर्मचारियों की ड्यूूटी लगाई है। बृहस्पतिवार को रखे गए संदिग्ध छह मरीजों में कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि के बाद कोच को दिनभर में तीन बार सैनिटाइज किया जा रहा है।
वहीं रेलवे के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज गोयल ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में आए 12 पॉजीटिव केस के छह मरीज आईसोलेशन कोच में रखे गए थे। इसको देखते हुए सफाई व्यवस्था को ओर बेहतर करने के साथ हर चार घंटे पर प्लेटफार्म 2 को सैनिटाइज किया जा रहा है। जबकि स्टेशन परिसर को हर आठ-आठ घंटे पर सैनिटाइज किया जा रहा है। नगर पालिका के सफाई निरीक्षक सत्यप्रकाश ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा पीपीई किट मुहैया कराया जाता है। जिसे कर्मचारी पहनकर आईसोलेशन कोच को सैनिटाइज करते है।