शहर कोतवाली क्षेत्र निजामुद्दीनपुरा स्थित संगीत पैलेस में सोमवार को हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं ने फिल्म पीके के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओ ने सिनेमाहाल में लगे पोस्टर और होर्डिंग्स को फाड़कर उसे आग के हवाले कर दिया। साथ ही फिल्म को बंद कराने की मांग करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को काफी समझाया। लेकिन सिनेमाहाल मालिक द्वारा शो को बंद करने के बाद ही हियुवा कार्यकर्ता माने।
रिलीज के बाद से ही विवादों में चल रही आमिर खान की फिल्म पीके के विरोध की आग सोमवार को मऊ में धधक उठी। हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक अजय सिंह के नेतृत्व में सैकड़ाें की संख्या मेें हियुवा कार्यकर्ता संगीत पैलेस पहुंचे। जहां उन्हाेंने सिनेमाहाल के मुख्य गेट पर लगे फिल्म के पोस्टर का फाड़ा और उसे आग के हवाले कर दिया। साथ ही आमिर खान, फिल्म निर्देशक और सेंसर बोर्ड के खिलाफ जमकर आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान हियुवा के जिला संयोजक अजय सिंह ने कहा कि पीके फिल्म में हिंदू देवी देवताओं को अपमानित किया गया है। जिससे करोड़ाें हिंदू जनमानस की भावनाओं को ठेस पहुंची है। ऐसे में पूरे भारत में पीके फिल्म पर बैन लगना चाहिए। साथ ही फिल्म के हीरो आमिर खान और निर्देशक पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान हियुवा कार्यकर्ताओं ने फिल्म को बंद कराने की मांग की। जिसके बाद सिनेमाहाल मालिक द्वारा शो बंद कर दिया गया। जिसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य रुप से चंदन राय, बबलू शाही, विवेक सिंह विनीत तिवारी, राजू मौर्या, जितेंद्र गुप्ता, सुखदेव, अवनीश सिंह, अमर यादव, मनीष पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।